Thursday, June 18, 2015

176 छात्रों के रिजल्ट पर सीबीएसइ की चेयरपर्सन सत्यवीर बेदी लेंगी अंतिम निर्णय

176 छात्रों के रिजल्ट पर सीबीएसइ की चेयरपर्सन सत्यवीर बेदी लेंगी अंतिम निर्णय

 रश्मि त्रिपाठी की छात्रों के साथ बातचीत की फोटो बस हमारे पास हैं.
- एवीएन इंगलिश स्कूल के छात्र पहुंचे रिजल्ट के लिए सीबीएसइ रीजनल ऑफिस, किया हंगामा
- 176 का सीबीएसइ ने और 212 को स्कूल ने नहीं दिया अब तक रिजल्ट
संवाददाता, पटना
सीबीएसइ के 10वीं बोर्ड के रिजल्ट को निकले भले 20 दिन के लगभग हो चुका है, लेकिन अभी तक एवीएन इंगलिश स्कूल के 388 छात्रों को रिजल्ट नहीं मिला है. रिजल्ट नहीं मिलने से छात्रों का 11वीं में कहीं नामांकन नहीं हो रहा है. ऐसे में छात्र तंग होकर सोमवार को सीबीएसइ रीजनल ऑफिस पटना पहुंचे और दिन भर हंगामा किया. छात्रों का आरोप था कि स्कूल ने अभी तक रिजल्ट नहीं दिया है तो आगे 11वीं में नामांकन कैसे होगा. हंगामा करने वाले छात्रों में उन छात्रों की संख्या अधिक थी जिन्हें स्कूल द्वारा रिजल्ट मिल जाने के बावजूद दूसरे स्कूल में नामांकन नहीं मिल रहा हैं. गौरतलब है कि एवीएन इंगलिश स्कूल के 388 छात्रों ने इस बार 10वीं बोर्ड की परीक्षा दी थी. छात्रों के विरोध और स्कूल द्वारा छात्र संबंधित डाक्टूमेंट जमा करने के बाद 212 छात्रों के रिजल्ट सीबीएसइ ने स्कूल के वेबसाइट पर भेज दिया था. लेकिन स्कूल यह रिजल्ट भी छात्रों को उपलब्ध नहीं करा रही है. वहीं बांकी बचे 176 छात्रों के रिजल्ट अभी तक क्लियर नहीं हुए हैं. स्कूल द्वारा जो भी छात्रों के डाक्यूमेंट बोर्ड को उपलब्ध करवाया गया है, उस पर सीबीएसइ ने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया था. ये दो सदस्यीय कमेटी ने जांच करने के बाद रिपोर्ट सीबीएसइ दिल्ली को सौंप दिया है. अब सीबीएसइ की चेयरपर्सन सत्यवीर बेदी ही इस पर निर्णय लेंगी.
स्कूल ने दिया एक दिन और सीबीएसइ रीजनल ऑफिस ने दिया तीन दिनों का समय
एक बार फिर एवीएन इंगलिश स्कूल के छात्र अपने रिजल्ट के लिए दिन भर भटकते रहें. कहीं स्कूल से रिजल्ट का डिमांड किया तो वहीं सीबीएसइ रीजनल ऑफिस पहुंच कर रिजल्ट की मांग बार-बार करते रहें. छात्रों के समर्थन में सोमवार को बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन वाले भी शांतिपूर्ण एक दिवसीय धरना पर सीबीएसइ रीजनल ऑफिस में मौजूद थे. स्कूल की ओर से छात्रों को मंगलवार का समय दिया गया है. अभिभावक मुमताज अहमद ने बताया कि सोमवार को निदेशक रामाशीष सिंह ने हमें मंगलवार का समय दिया है. मंगलवार को रिजल्ट मिल जायेगा. वहीं सीबीएसइ रीजनल ऑफिस ने तीन दिनों का समय अभिभावकों को दिया है. अभिभावक मंजू शर्मा ने बताया कि 11वीं में नामांकन तभी बच्चे का होगा जब 10वीं का रिजल्ट मिलेगा. पिछले 20 दिनों से हम रिजल्ट का इंतजार कर रहे है.
अपने स्तर से दे रहा स्कूल रिजल्ट
जिन 212 छात्रों के रिजल्ट को सीबीएसइ ने एवीएन इंगलिश स्कूल के वेबसाइट पर डाला है, उन रिजल्ट को स्कूल अपने स्तर से तैयार कर छात्रों को उपलब्ध करवा रहा है. ऐसे में उस रिजल्ट की कॉपी पर छात्रों का नामांकन दूसरे स्कूल या कॉलेज में 11वीं के लिए नहीं हो पा रहा है. ज्ञात हो कि जब सीबीएसइ के वेबसाइट पर रिजल्ट घोषित किया जाता है तो सीबीएसइ लेटरहेड पर रिजल्ट डाउनलोड स्टूडेंट्स कर पाते हैं. लेकिन इन छात्रों के रिजल्ट को सीबीएसइ ने स्कूल केा सीधे भेजा हैं. ऐसे मे सीबीएसइ के लेटरहेड के बदले स्कूल अपने स्तर से रिजल्ट बना कर दे रहा है. इस रिजल्ट को कहीं पर भी 11वीं में नामांकन को वैलिड नहीं माना जा रहा है.
रीजनल ऑफिसर रश्मि त्रिपाठी पहुंची छात्रों से मिलने
दिन भर चले हंगामे के बाद सीबीएसइ की रीजनल ऑफिसर रश्मि त्रिपाठी छात्रों से मिलने पहुंची. छात्रों को आरओ ( रीजनल ऑफिसर) रश्मि त्रिपाठी ने बताया कि एवीएन इंगलिश स्कूल के 212 छात्रों के रिजल्ट को स्कूल को मेल कर दिया गया है. सीबीएसइ के वेबसाइट पर रिजल्ट एक बार ही डाला जाता है. बार-बार नहीं डाला जा सकता हैं. वहीं 176 छात्रों के रिजल्ट में कई कमियां थी. स्कूल की ओर से जो छात्रों के डाक्यूमेंट हमें उपलब्ध करवाये गये, उसे सीबीएसइ हेडक्वार्टर भेज दिया गया है. सीबीएसइ की ओर से इसके लिए दो सदस्यीय कमेटी बनायी गयी थी. ये कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सीबीएसइ को सौंप दिया है. श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिनों में इसका निर्णय ले लिया जायेगा कि 176 छात्रों को रिजल्ट मिलेगा या नहीं मिलेगा.

छात्रों की बातें
मै पास हो चुका हूं. स्कूल ने जो रिजल्ट दिया है, उस रिजल्ट पर हमारा एडमिशन 11वीं में ना तो स्कूल में हो रहा है और ना ही कॉलेज वाले ही उस रिजल्ट को वैलिड कह रहे हैं. हमें लौटा दिया जा रहा है. सीबीएसइ के मार्क्‍स सीट आने में अभी समय लगेगा. तब तक सारे जगहों पर एडमिशन प्रोसेस खत्म हो जायेगा.
माहिद खान, छात्र

212 छात्रों के रिजल्ट में मेरा भी नाम है. लेकिन स्कूल हमें वेबसाइट वाला मार्क्‍स सीट उपलब्ध नहीं करवा पा रहा हैं. ऐसे में जो रिजल्ट स्कूल की ओर से दिया जा रहा है, उससे कहीं पर भी नामांकन फार्म भरने नहीं दिया जा रहा हैं.
हर्षवर्धन, छात्र

176 छात्रों को अभी तक सीबीएसइ ने रिजल्ट नहीं दिया है. इस कारण हम धरना पर बैठे हैं. स्कूल और सीबीएसइ के कर्मचारियों की गलती के कारण छात्रों का भविष्य खत्म हो रहा है. अगर इन्हें जल्द से जल्द रिजल्ट नहीं दिया गया तो ये छात्र 11वीं में नामांकन नहीं ले पायेंगे. 176 छात्रों का रिजल्ट बोर्ड ने रोक रखा है.
आरएस शर्मा, सचिव, बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन 

No comments:

Post a Comment