Sunday, April 12, 2015

सिमुलतला आवासीय विद्यालय रह गया सूना, नहीं शुरू हुआ नया सेशन

सिमुलतला आवासीय विद्यालय रह गया सूना, नहीं शुरू हुआ  नया सेशन

- 2014-15 सत्र की तरह 2015-16 सत्र भी नहीं शुरू हो पाया
संवाददाता, पटना
अप्रैल के पहले सप्ताह में हर स्कूलों में नया सत्र शुरू हो रहा है. कुछ स्कूलों में एक अप्रैल से तो कई स्कूलों में अगले सप्ताह से नया सत्र शुरू कर दिया जायेगा. नामांकन का काम लगभग समाप्त हो चुका है. वहीं, बिहार का नेतरहाट कहे जाने वाले सिमुलतला आवासीय विद्यालय में इस बार भी नये सत्र की शुरुआत नहीं हो पायी है. लगातार दूसरा साल है जब सिमुलतला आवासीय विद्यालय में नया सत्र शुरू नहीं हो पाया. इससे पहले 2014-15 सत्र में भी नामांकन की प्रक्रिया नहीं हो पायी थी. और इस साल 2015-16 सत्र भी चालू नहीं हो सका है. ऐसे में लगातार दूसरे साल है जब सिमुलतला आवासीय विद्यालय का सत्र खाली चला गया. ज्ञात हो कि 2010-11 सत्र में सिमुलतला आवासीय विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गयी थी. इस विद्यालय में 60 सीटों पर लड़के और 60 सीटों पर लड़की छात्र का नामांकन लिया जाता है.
442 छात्र पढ़ रहे है विद्यालय में
हर साल छात्रों की घट रही संख्या अब 442 पर आ चुका है. हर सेशन के शुरू होने से पहले कई छात्र विद्यालय छोड़ कर जा चुके है. 2010 में नामांकित हुए छात्रों ने पहली बार बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक की परीक्षा में शामिल हुए है. विद्यालय सूत्रों की माने तो 120 छात्र-छात्रओं में मात्र 108 परीक्षार्थी की 2015 की मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए हैं. सूत्रों की माने तो मैट्रिक पास करने के बाद ये 108 छात्र भी विद्यालय छोड़ कर प्लस टू में नामांकन कहीं और लेंगे.
2013 सत्र से बिगड़ने लगी स्थिति
तीन सालों तक तक सिमुलतला आवासीय विद्यालय में नामांकन सही से होता रहा. लेकिन 2013 सत्र में नामांकन लेने पर प्रश्न चिह्न् लग गया. 2013 में नामांकन प्रक्रिया आज तक पूरी नहीं हो पायी है. 120 सीटों में 9 सीटों पर रिजर्व केटेगरी का नामांकन लिया जाता है. लेकिन 2013 में रिजर्व सीटों पर नामांकन पूरा नहीं लिया जा सका जो आज भी अधूरा ही है.
टीचर की कमी ङोल रहा विद्यालय
इस विद्यालय के खोले जाने के समय क्वालिटी एजुकेशन की बात कहीं गयी थी. लेकिन विद्यालय में आज तक क्वालिटी एजुकेशन नहीं शुरू हो पाया. किराये के मकान में चल रहे इस विद्यालय के पास इंफ्रास्ट्रर की भारी कमी है. लाइब्रेरी के साथ लैब नहीं के बराबर है. टीचर्स की बात करें तो वर्तमान में 442 स्टूडेंट्स पर 26 टीचर कार्यरत है. इसमें 18 टीचर कॉट्रैक्ट पर और बांकी 8 टीचर एडहॉक पर विद्यालय में कार्यरत है.
नवंबर से मार्च तक चलती है नामांकन प्रक्रिया
सिमुलतला आवासीय विद्यालय की नामांकन प्रक्रिया नवंबर से शुरू हो जाता है. नवंबर में विज्ञप्ति निकाली जाती है. इसके बाद दिसंबर में फार्म भरवाया जाता है. जनवरी में प्रथम चरण की परीक्षा (पीटी परीक्षा) ली जाती है. जनवरी अंतिम सप्ताह में रिजल्ट निकलने के बाद सफल छात्र के लिए फरवरी में द्वितीय चरण की परीक्षा लिया जाता है. द्वितीय चरण की परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह तक ले लिया जाता है. इसके बाद मार्च में द्वितीय चरण में सफल छात्रों का मेडिकल होता है. इसके बाद 120 सीटों पर नामांकन लिया जाता है.

कोट
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय को लेकर एक कमेटी बनायी गयी है. कमेटी जांच कर अपना रिपोर्ट विभाग को देगी. जांच में नामांकन को लेकर भी वैकल्पिक रास्ते खोजा जा सकता हैं. रिपोर्ट के बाद नामांकन के लिए विज्ञप्ति निकाली जा सकती है. लेकिन अभी तक विभाग की ओर से किसी तरह की सूचना हमारे पास नहीं आया है. अभिभावक लगातार इंक्वायरी करते है. लेकिन नामांकन संबंधी प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो पायी है.
राजीव रंजन, प्रिंसिपल, सिमुललता आवासीय विद्यालय 

No comments:

Post a Comment