Sunday, February 22, 2015

हमने अपनी 6 एकड़ जमीन दे दिया, नहीं खुला अब तक केंद्रीय विद्यालय

हमने अपनी 6 एकड़ जमीन दे दिया, नहीं खुला अब तक केंद्रीय विद्यालय

- नवादा के संगीत प्रसाद सिंह ने 2010 में बिहार सरकार के नाम 6 एकड़ जमीन किया दान
- नवादा के बदले आंध्र प्रदेश में खुल गया केवी
संवाददाता, पटना
बिहार के नवादा जिले में केंद्रीय विद्यालय संगठन ने एक केंद्रीय विद्यालय खोलने की योजना बनायी. विद्यालय खोलने के पहले राज्य सरकार द्वारा जमीन की उपलब्धता का आश्वासन नहीं देने के कारण केंद्रीय विद्यालय खुलने के पहले ही बंद कर दिया गया. 21 दिसंबर 2006 को घटी इस घटना के बाद नवादा जिला विलौखर (मोतीनगर) के संगीत प्रसाद सिंह ने अपनी छह एकड़ जमीन दान स्वरूप महामहिम राज्यपाल, बिहार सरकार के नाम कर दिया. 80 साल के संगीत प्रसाद सिंह ने 19 फरवरी 2010 को अपनी छह एकड़ जमीन को राज्य सरकार के नाम रजिस्ट्री करवा कर सौंप दिया था. अब संगीत प्रसाद सिंह पिछले चार साल से इस विद्यालय के खोलने का इंतजार कर रहे, लेकिन अभी तक सरकार कोई पहल नहीं की है. जब तक सरकार केंद्रीय विद्यालय संगठन के खुलने का नॉर्म्स पूरा नहीं करेगी. संगठन की ओर से नवादा जिले में विद्यालय नहीं खोला जायेगा.
- नवादा के बदले आंध्र प्रदेश में खुल गया केवी
केंद्रीय विद्यालय संगठन, नयी दिल्ली के पत्र संख्या फा. 1-29 (1)2003 के तहत 6 फरवरी 2004 को नवादा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की स्वीकृति दी थी. परंतु जमीन नहीं उपलब्ध रहने के कारण विद्यालय खुलने से पहले ही केवीएस द्वारा बंद कर दिया गया. इस संबंध में केवीएस के क्षेत्रीय कार्यालय पटना के सहायक आयुक्त एमएल मिश्र ने बताया कि एक बार किसी केवी के लिए स्वीकृति मिल जाने के बाद उसे खोलना ही पड़ता है. क्योंकि खोलने के पहले कई प्रक्रिया करनी होती है. जब नवादा जिला में केवी नहीं खुला तो इसके स्थान पर 21 दिसंबर 2006 को केंकटगिरी, जिला नलौर, आंध्र प्रदेश में केवी को खोल दिया गया.
- बस फाइल हो रहा इधर उधर
बिहार में कुल 49  केंद्रीय विद्यालय है. इसमें से 16 केंद्रीय विद्यालय को बंद होने के कगार पर है. क्योंकि कई सालों के इंतजार के बाद भी राज्य सरकार ने इन केंद्रीय विद्यालय को जमीन उपलब्ध नहीं करवायी है. एक तरफ राज्य सरकार जमीन केवीएस को उपलब्ध नहीं करवा रही है. वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोग के दान स्वरूप देने के बावजूद राज्य सरकार बस फाइल को इधर उधर कर समय निकाल रही है. सूचना के अधिकार के तहत मांगी गयी सूचना के अनुसार 19 फरवरी 2010 को संगीत प्रसाद सिंह ने अपनी छह एकड़ जमीन दान स्वरूप दिया था. लेकिन वो बस फाइल में इधर उधर घुम रही है. आरटीआइ एक्टिविस्ट अजय कुमार चौरसिया ने बताया कि 2010 से अब तक बस शिक्षा विभाग के विभिन्न विंग में फाइल इधर से उधर ही हो रहा है. शिक्षा विभाग माध्यमिक शिक्षा के तात्कालिक निदेशक आरबी चौधरी के डीएम को चिट्ठी लिखने के बावजूद कुछ नहीं किया गया है.

कोट
यह मामला आया तो था. मैने इसके लिए एक चिट्ठी नवादा जिले के जिलाधिकारी को लिखा था. इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी से इस संबंध में सूचना लेने को कहा था. विद्यालय स्थापना के लिए संगीत प्रसाद सिंह ने जो जमीन उपलब्ध करवायी थी, उस संबंधी कागजात भी उपलब्ध करवाने के लिए कहा था. लेकिन अब मै वहां पर नहीं हूं. इसकी जानकारी अब नहीं दे सकता हूं.
आरबी चौधरी, पूर्व निदेशक, माध्यमिक शिक्षा

26 फरवरी 2014 में तात्कालिक निदेशक, माध्यमिक शिक्षा आरबी चौधरी की ओर से एक चिट्रठी हमें प्राप्त हुई थी. इसको लेकर मैने केंद्रीय विद्यालय खुलने के नियम आदि के साथ एक चिट्ठी नवादा जिले के जिलाधिकारी को 28 फरवरी 2014 को भेजा था. लेकिन उन्होंने अभी तक केंद्रीय विद्यालय खुलने के नियम वाले फार्म को भर कर नहीं भेजा है.
एमएस चौहान, डिप्टी कमीशनर, केंद्रीय विद्यालय संगठन

7 dec. 2015 on prabhat khabar patna 

No comments:

Post a Comment