Wednesday, February 3, 2016

10 मार्च से शुरू होगा इंटर का मूल्यांकन

- मूल्यांकन को लेकर जल्द होगी हेड एग्जामिनर की बैठक

संवाददाता, पटनाइंटरमीडिएट की परीक्षा समाप्त होने के पांच दिन के बाद से ही मूल्यांकन कार्य शुरू हो जायेंगे. इसको लेकर अभी से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने तैयारी शुरू कर दी है. समिति से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च से मूल्यांकन शुरू हो जायेगा. परीक्षा के तीन दिन बाद ही उस विषय की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचा दिये जायेंगे. ज्ञात हो कि इंटर की परीक्षा 24 फरवरी को शुरू होगी, जो 5 मार्च तक चलेगी.
15 से 20 फरवरी के बीच हेड एग्जामिनर की बैठक मूल्यांकन कार्य सही तरीके से हो, इसके लिए हेड एग्जामिनर की बैठक बुलायी जायेगी. बैठक में हेड एग्जामिनर को मार्किंग स्कीम की पूरी जानकारी दी जायेगी. दो दिनों के इस बैठक में प्रदेश भर के हेड एग्जामिनर का शामिल होना अनिवार्य होगा. समिति अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि 15 से 20 फरवरी के बीच हेड एग्जामिनर को लेकर बैठक कर ली जायेगी. इसके बाद हेड एग्जामिनर सारे एग्जामिनर को मार्किंग स्कीम की जानकारी अपने-अपने जिलों में देंगे. इस बार हेड एग्जामिनर को बैठक में शामिल होने के लिए आने जाने का खर्च भी समिति की ओर से दी जायेगी.
15 फरवरी के बाद भेजा जायेगा एडमिट कार्ड
समिति की ओर से 15 फरवरी के बाद इंटर का एडमिट कार्ड भेजा जायेगा. पहली बार इंटर का एडमिट कार्ड वेबसाइट पर डाली जायेगी. छात्र ऑनलाइन एडमिट कार्ड भी निकाल कर परीक्षा में शामिल हो पायेंगे. बोर्ड के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि एडमिट कार्ड में किसी भी तरह की गड़बड़ी हो, तो परीक्षा के पहले ही छात्र उसे बोर्ड से सही करवा लें. फोटाे में दिक्कत हो, तो छात्र सही फोटो लगा कर प्राचार्य से वेरिफाइ करा परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. 10 मई को निकलेगा इंटर का रिजल्ट
इस बार इंटर का रिजल्ट 10 मई को निकलेगा. बोर्ड के अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि 10 मई को इंटर का रिजल्ट घोषित कर दिया जायेगा. इस कारण मूल्यांकन कार्य जल्द शुरू होगा. मूल्यांकन होने और रिजल्ट तैयार करने में लगभग डेढ़ से दो महीने का समय लग जाता है. छात्रों को मार्क्स सीट भी जल्द उपलब्ध करा दी जायेगी. 16 हजार शिक्षक रखेंगे इंटर के परीक्षार्थियों पर नजर
पटना. इंटर परीक्षा की उलटी गिनती शुरू हो गयी है. इसको लेकर तैयारी अंतिम चरण में है. इस बार इंटर परीक्षा में 16 हजार शिक्षक लगाये गये हैं. परीक्षा केंद्र के लिए शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है. शिक्षकों के परीक्षा केंद्र में बदलाव किया जायेगा. समिति से मिली जानकारी के अनुसार किस शिक्षक की ड्यूटी किस केंद्र पर होगी, इसकी जानकारी बोर्ड द्वारा दी जायेगी. ज्ञात हो कि इस बार 12 लाख 50 हजार छात्र इंटर की परीक्षा में शामिल होंगे. 1297 परीक्षा केंद्र बिहार में बनाये गये हैं. 

No comments:

Post a Comment