Rinku Jha
Sunday, March 6, 2016
इंटर के मूल्यांकन केंद्रों पर लगाये जायेंगे जैमर
उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर के साथ परीक्षक के होंगे फोटोग्राफ
रिंकू झा, पटना
इंटर के मूल्यांकन केंद्र पर इस बार परिंदा भी पर नहीं मार सके, इसकी तैयारी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कर ली है. इस बार मूल्यांकन केंद्रों पर जैमर लगाये जायेंगे. पहली बार समिति की ओर से मूल्यांकन केंद्र पर जैमर की व्यवस्था की जा रही है. 75 मूल्यांकन केंद्र पर 75 जैमर होंगे, इससे मूल्यांकन के दौरान परीक्षक की लापरवाही को पकड़ा जा सकेगा. इसके अलावा चाहते हुए भी परीक्षक अपने मोबाइल का उपयोग नहीं कर पायेंगे. समिति द्वारा यह फैसला लिया गया है कि इस बार मूल्यांकन के दौरान परीक्षक को बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी. अगर कोई परीक्षक बाहर जायेंगे तो उन्हें दोबारा मूल्यांकन नहीं करने दिया जायेगा.
- मूल्यांकन केंद्र पर फोटो के साथ आने का मिला निर्देश
इस बार इंटर के मूल्यांकन करने के लिए हर परीक्षक को अपना फोटाेग्राफ लेकर आना होगा. इस बार हस्ताक्षर के साथ हर परीक्षक का फोटोग्राफ भी केंद्रों पर रखा जायेगा. समिति से मिली जानकारी के अनुसार हर केंद्र पर एक रजिस्टर होगा. इस रजिस्टर पर परीक्षक का नाम दर्ज होगा. अपने नाम के आगे परीक्षक अपना विषय लिखेंगे और हस्ताक्षर करेंगे और अपनी फोटो लगायेंगे. इससे अगर कोई एग्जामिनर कॉपी जांचने में गलती करेंगे तो उन्हें आसानी से पकड़ा जा सकेगा. इसके अलावा यह पता चलेगा कि कौन विषय की उत्तर पुस्तिका किस एग्जामिनर ने जांची.
- नंबर देने में कोताही ना बरते परीक्षक
इंटर के मूल्यांकन को लेकर मूल्यांकन केंद्रों के निदेशकों के साथ एक बैठक रविवार को समिति कार्यालय में आयोजित किया गया. इस मौके पर 76 मूल्यांकन केंद्रों के निदेशक मौजूद थे. समिति के अध्यक्ष प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने तमाम निदेशक से कहा कि उत्तर पुस्तिका जांच में किसी तरह की कोताही माफ नहीं की जायेगी. हर उत्तर पुस्तिका की सही से जांच हो. हर उत्तर में सही से अंक दिये जायें. स्टेप वाइज मार्किंग को पूरा फाॅलो किया जायें. दो घंटे तक चले बैठक में मूल्यांकन संबंधित कई चीजों की जानकारी दी गयी.
- डीएम ऑफिस से जुड़ेगा मूल्यांकन केंद्र का सीसी टीवी कैमरा
इंटर के हर मूल्यांकन केंद्र के हर कमरे में सीसी टीवी कैमरा लगाया जायेगा. सीसी टीवी कैमरा से परीक्षक की मॉनिटरिंग संबंधित जिले के जिलाधिकारी द्वारा किया जायेगा. हर मूल्यांकन केंद्र पर जिला प्रशासन के एक अधिकारी को रखा जायेगा. समिति की ओर से स्क्रूटनाइजर की व्यवस्था की जायेगी. स्क्रूटनाइजर कोई शिक्षाविद होंगे. जिस विषय का मूल्यांकन जहां पर होगा, वहां पर उसी विषय के स्क्रूटनाइजर होंगे, जो जांचे गये उत्तर पुस्तिका को दुबारा देंखेंगे.
- 22 हजार परीक्षक करेंगे मूल्यांकन
इस बार इंटर के मूल्यांकन में समिति की ओर से 22 हजार परीक्षकों को लगाया गया है. 19 मार्च से प्रदेश भर में मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू हो जायेगा. 19 मार्च को हर परीक्षक को ज्वाइन कर लेना है. मूल्यांकन के लिए साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम को अलग-अलग रखा गया है.
कोट
इंटर के मूल्यांकन को लेकर हमारी तैयारी चल रही है. इस बार मूल्यांकन में गलती करने वाले परीक्षक पर कार्रवाई की जायेगी. परीक्षार्थी ने बिना नकल की परीक्षा दिया है, इस कारण उत्तर पुस्तिका की जांच में अंक सही से देने का निर्देश एग्जामिनर को दिया गया है. अंकों में हेराफेरी या कम देेन वाले परीक्षक की लिस्ट तैयार किया जायेगा.
प्रो. लालकेश्वर प्रसाद सिंह, अध्यक्ष, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति
No comments:
Post a Comment
Newer Post
Older Post
Home
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment